लुधियाना| जैन मंदिर में घुसकर दो अज्ञात चोरों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से भगवान की चांदी की मूर्ति, पूजा के बर्तन, गल्ले में रखा कैश और सीसीटीवी का डीवीआर ले गए। मामला पीएयू थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंज पीर रोड स्थित सूरिया विहार का है। वारदात 13 और 14 जून 2026 की दरमियानी रात को हुई। जैन मंदिर की देखरेख श्री शरियांस वल्लभ जैन सेवा सोसाइटी द्वारा की जाती है। सोसाइटी के प्रधान सुधीर जैन (61 वर्ष) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात के समय दो अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में दाखिल हुए।
चोरों ने मंदिर में घुसकर भगवान की एक कीमती चांदी की मूर्ति, पूजा-अर्चना में इस्तेमाल होने वाली 20 चांदी की प्लेटें, 20 छोटी चांदी की कटोरियां और 4 बड़े कटोरे चोरी कर लिए। इसके अलावा उन्होंने मंदिर की गोलक तोड़कर उसमें रखी करीब 10 से 15 हजार रुपए की नकदी भी निकाल ली।
शिकायतकर्ता सुधीर जैन के बयानों के आधार पर थाना पीएयू (PAU) की पुलिस ने 17 जून को अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 331(4) और 305 बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई (ASI) अमरीक सिंह कर रहे हैं। पुलिस इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)