लुधियाना | जिला कचहरी कॉम्प्लेक्स में केस की तारीख पता करने गए एक वकील पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने वकील के साथ मारपीट की और उसकी ड्रेस भी फाड़ दी। जब एक अन्य वकील बीच-बचाव के लिए पहुंचा, तो उस पर भी तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। घटना के बाद कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई घुमार मंडी निवासी एडवोकेट गुरदीप सिंह ने थाना डिवीजन नंबर 5 पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके दादा राम कुमार ने आरोपी दयानंद और अन्य लोगों के खिलाफ लुधियाना की अदालत में एक मुकदमा दायर किया हुआ है। इसी मुकदमे की रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।एडवोकेट गुरदीप सिंह के अनुसार, 11 जून की दोपहर वह अपने दादा के केस की अगली तारीख पता करने के लिए अदालत में गए थे। जैसे ही वह अदालत कक्ष से बाहर निकले, वहां पहले से मौजूद आरोपी दयानंद (निवासी घुमार मंडी) और उसके दो अज्ञात साथियों ने उन्हें घेर लिया।आरोप है कि पहले आरोपियों ने उनके साथ बहस शुरू की और फिर मारपीट करने लगे। गुरदीप सिंह का कहना है कि कोर्ट कॉम्प्लेक्स के भीतर ही आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और उनकी वकील वाली ड्रेस भी फाड़ दी।जब गुरदीप ने शोर मचाया तो वहां मौजूद एक और वकील अजय कुमार उन्हें छुड़वाने के लिए आगे आए। इससे गुस्से में आए आरोपी दयानंद ने अजय कुमार पर भी तेजधार हथियार से वार कर दिया। आसपास के लोगों को इकट्ठा होता देख आरोपी, गुरदीप सिंह को जान से मारने की धमकियां देते हुए वहां से फरार हो गए।
इस खुलेआम गुंडागर्दी के बाद कोर्ट कॉम्प्लेक्स में वकील भाईचारे में खासा गुस्सा है। थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने एडवोकेट गुरदीप सिंह के बयान पर आरोपी दयानंद और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ धाराएं (BNS)115(2), 126(2), 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)