लुधियाना। लुधियाना के सुंदर नगर इलाके में स्थित एक चिकन कॉर्नर के बाहर शराब के बिल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बहस के दौरान भाजपा पूर्व काउंसलर सुनीता शर्मा के बेटे ने युवकों के साथ मिलकर पिस्टल तान दी और सड़क पर आकर दो हवाई फायर किए। मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों युवकों को हथियार समेत काबू कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। शिकायतकर्ता आकाश निवासी नंदा कॉलोनी, कैलाश नगर रोड ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 11 जून को वह अपने भाई के फ्रेंड्स वाइन ठेके के साथ बने सन्नी चिकन कॉर्नर अहाते में मौजूद था। इसी दौरान दो युवक वहां आए और बैठकर शराब पीने लगे। बाद में उन्होंने खाने-पीने का सामान भी मंगवाया। आरोप है कि जब उनसे खाने-पीने का बिल मांगा गया तो दोनों युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और शिकायतकर्ता के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। जब उन्हें ऐसा करने से रोका गया तो एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर आकाश पर तान दी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक वह जान बचाने के लिए वहां से भाग गया। इसके बाद दोनों आरोपी सड़क पर आ गए और दहशत फैलाने के मकसद से दो हवाई फायर कर दिए। जाते-जाते उन्होंने जान से मारने की धमकियां भी दीं। मौके पर मौजूद लोगों और शिकायतकर्ता के भाई सुनील कुमार उर्फ सन्नी की मदद से दोनों को पिस्टल समेत काबू कर लिया गया। पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान पूर्व पार्षद के बेटे राजन शर्मा निवासी गली नंबर-4, बसंत नगर, लुधियाना और अंकुश शर्मा निवासी मदन आइसक्रीम वाली गली, ढाई मरला कॉलोनी, लुधियाना के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक रिवॉल्वर, 22 एमएम के छह कारतूस और मोटरसाइकिल नंबर PB10KH-6891 बरामद किया गया है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)