पंजाब। मोहाली में युवक ने चाकुओं से गोदकर युवती की हत्या कर दी। वह गुपचुप ऑफिस में घुसा और काम में बिजी युवती पर पीछे से हमला कर दिया। युवती जान बचाने दौड़ती रही और युवक उसका पीछा कर चाकू मारता रहा। उसने 35 सेकेंड में युवती पर 30 बार चाकू से वार किया। ऑफिस स्टाफ ने बचाने की कोशिश की लेकिन आरोपी उन्हें भी चाकू दिखाकर डराता रहा। जब उसे लगा कि अब युवती जिंदा नहीं बचेगी तो उसने उसी चाकू से अपना भी गला काट लिया। युवती की मौत हो चुकी है जबकि आरोपी युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि युवक और युवती के बीच पहले प्रेम संबंध था। बाद में युवती ने युवक से ब्रेकअप कर लिया। इससे वह गुस्से में आ गया और इस वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कर युवती की लाश परिजनों को दे दी है। वह डेडबॉडी पटियाला ले जा रहे हैं। पुलिस अब इसके पीछे की पूरी कहानी जानने के लिए मामले की जांच कर रही है।
डिस्पैच टीम में काम करती थी युवती
मोहाली के फेज-11 स्थित एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक्स कंपनी के ऑफिस में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे वारदात हुई। मृतका डिंपल (29) कंपनी की डिस्पैच टीम में काम करती थी। आरोपी हरजिंदर (34) भी उसी कंपनी में काम करता था और दोनों के वर्क स्टेशन (काम करने की जगह) भी पास-पास थे। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी शाम के समय डिंपल के केबिन में पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने डिंपल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आसपास मौजूद कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
आरोपी ने खुद भी सुसाइड की कोशिश की
घटना के दौरान ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। आरोप है कि युवती पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर सुसाइड की कोशिश की। थाना फेज-11 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए फोर्टिस अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी हरजिंदर को गंभीर हालत में भर्ती कर उसका उपचार शुरू किया गया। घटना के बाद पुलिस ने ऑफिस में जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने सबूत जुटाकर ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। एसएचओ अमन बैदवान के अनुसार, मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों, आरोपी और मृतका के संबंधों का पता लगा रही है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)