लुधियाना। लुधियाना जिले के दोराहा क्षेत्र में शनिवार शाम एक स्क्रैप फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका फैक्ट्री के अंदर लगे बॉयलर के फटने से हुआ माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। यह घटना दोराहा-पायल रोड पर गांव बिशनपुरा के पास स्थित एक स्टील फैक्ट्री में हुई, जहां स्क्रैप को प्रोसेस कर उपयोगी सामान तैयार किया जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया। फैक्ट्री के एक सुरक्षाकर्मी के अनुसार, उन्होंने सिर्फ धमाके की आवाज सुनी, लेकिन आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मौके पर पायल के तहसीलदार विकास सिंह और दोराहा के एसएचओ आकाश दत्त भी पहुंचे। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में करने के लिए दोराहा, समराला, खन्ना सहित आसपास के कई फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। इसके अलावा, पास की एक निजी कंपनी की फायर ब्रिगेड ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। इस हादसे में तीन मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें दो महिला मजदूर भी शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत दोराहा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कंपनी में बड़ी लापरवाही- विधायक बोले होगी कार्रवाई
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया। पायल से विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा भी घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक ग्यासपुरा ने बताया कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की गंभीर कमी सामने आई है। न तो मौके पर फैक्ट्री मालिक या मैनेजर मौजूद थे और न ही किसी को यह जानकारी थी कि फैक्ट्री में ज्वलनशील पदार्थ या गैस सिलेंडर कहां रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी लापरवाही है। इसके लिए फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, प्रशासन की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और किसी भी बड़े नुकसान को रोकना है।
Boiler-Explodes-At-Ludhiana-Scrap-Factory-Injuring-Three-Workers
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)