पंजाब। मोहाली पुलिस ने 21 वर्षीय युवती के कथित अपहरण और जबरन शादी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी और उसके साथी को दबोच लिया। शिकायत के अनुसार, यह घटना 24 जून की सुबह हुई जब युवती अपने पीजी से काम पर जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार वहां रुकी। कार से उतरे एक युवक ने युवती को जबरन बालों से पकड़कर कार में खींच लिया और अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। युवती के शोर मचाने के बावजूद आरोपी उसे ले जाने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर एक आरोपी की पहचान भव्य कुमार के रूप में हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि भव्य कुमार पहले भी युवती को परेशान करता था। इसके बाद पुलिस ने भव्य कुमार और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सूचना मिलते ही कोर्ट पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी युवती को मोहाली कोर्ट ले गए हैं और जबरन उसकी शादी करवा रहे हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर जबरन शादी करवाई है। दूसरे आरोपी की पहचान विशाल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांव झामपुर के निवासी बताए गए हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच और युवती की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)