लुधियाना। लुधियाना हलका वेस्ट उपचुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सांसद संजीव अरोड़ा द्वारा शुक्रवार को नामांकन किया गया। इस दौरान नामांकन से पहले आप ने रोड शो निकाला, जिसमें सीएम भगवंत मान के साथ आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी भी मौजूद रहीं। रोड शो के दौरान केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी कहते हैं कि उनकी रगों में सिंदूर दौड़ता है, पता नहीं वो दौड़ता है कि नहीं लेकिन संजीव अरोड़ा की रगों में लुधियाना दौड़ता है। इसके साथ ही केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, काम तो हम ही कराएंगे इसलिए संजीव अरोड़ा को ही वोट देना। यह रोड शो आरती चौक से शुरू होकर भाई बाला चौक होते हुए मिनी सचिवालय के बाहर समाप्त हुआ। संजीव अरोड़ा ने जब नामांकन दाखिल किया तो उनके साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ देखी गई। हालांकि इस दौरान अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान नहीं दिखे।
पंजाब में हमें जमकर वोट मिले थे
अरविंद केजरीवाल ने कहा- 2022 में पंजाब के लोगों ने हमें जमकर वोट दिया था। 117 में से 92 सीट थी, आज तक पंजाब में किसी पार्टी को इतना समर्थन नहीं मिला। लुधियाना वेस्ट में जो पहले विधायक (कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु) था, उसके गुरुर और अहंकार के खिलाफ आपने गोगी जी को वोट दिया था। किसी एक्सीडेंट में गोगी जी हमारे बीच नहीं रहे।
दूसरा वाला गालियां ही देता रहेगा
केजरीवाल ने आगे कहा- वह (कांग्रेस उम्मीदवार आशू) अभी हमें गाली दे रहा है तो आगे भी गालियां ही देगा। जिसकी सरकार, उसी का MLA बनाना, ताकि आपके काम होते रहें। गुस्सा और अहंकार चाहिए तो उसे वोट दे देना, काम चाहिए तो संजीव अरोड़ा को वोट देना।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)