लुधियाना। फिरोजपुर डिवीजन की ट्रेनों में अब जनता खाना शुरू हो रहा है। समर वेकेशन के चलते यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ये फैसले लिया है। भारतीय रेल द्वारा ट्रेनों में सफर करने वाले साधारण श्रेणी के यात्रियों को सस्ता एवं ताजा खाना उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस खास खाने को जनता खाना कहते हैं। जिन स्टेशन जहां कैटरिंग स्टॉल पर पका हुआ खाना तैयार किया जाता है, वहां रेल यात्रियों के लिए जनता खाना उपलब्ध होता है। फिरोजपुर मंडल के जम्मू तवी, अमृतसर, लुधियाना, पठानकोट, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, ऊधमपुर, फिरोजपुर कैंट आदि रेलवे स्टेशनों पर रेल यात्रियों के लिए जनता खाना की सुविधा उपलब्ध है। जनता खाना पैकेट बंद होता है। मानक के अनुसार, इस खाने के पैकेट में 175 ग्राम पूड़ी (7 पूड़ी), 150 ग्राम सब्जी और आचार होता है। इसकी कीमत प्रति पैकेट 15 रुपया होती है। मंडल के सभी खान-पान स्टॉल पर जनता खाना उपलब्ध होने पर ट्रेन में सफर करने वाले रेल यात्री आसानी से इसे खरीद सकते हैं। विभाग द्वारा की जा रही चैकिंग यात्री जनता खाने के अलावा अपनी इच्छा अनुसार अन्य खाना भी खरीद सकते हैं। गर्मियों की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में रेल यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में रेल यात्रियों की सुख-सुविधाओं का खास ख्याल रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक डॉ. सीमा शर्मा एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शुभम कुमार ने दिशा-निर्देश दिए हैं। खान-पान स्टॉल का लगातार औचक निरीक्षण अधिकारियों एवं वाणिज्य निरीक्षकों द्वारा किया जा रहा है। साथ ही प्रतिदिन उच्च अधिकारियों द्वारा भी इसका अवलोकन किया जा रहा है, ताकि रेल यात्रियों को अच्छी गुणवत्ता, सही मात्रा एवं उचित रेट पर खान-पान की सुविधा उपलब्ध हो सके।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)