जालंधर | पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी नशे की खेप बरामद की है। जालंधर सिटी पुलिस ने करीब 48 किलो हेरोइन के साथ एक महिला सहित तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की मार्केट वैल्यू करीब 250 करोड़ रुपए की बताई जा रही है। पूरा का पूरा सिंडिकेट पाकिस्तान, अफगानिस्तान, ईरान, तुर्की और कनाडा से चल रहा था। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के लिंक पाकिस्तान सहित उक्त देशों के साथ थे। आरोपियों से पुलिस ने करीब 21 लाख रुपए की ड्रग्स मनी और नोट गिनने वाली मशीन भी बरामद की है। भारत में उक्त तस्करों का नेटवर्क जम्मू कश्मीर और गुजरात से चल रहा था। दोनों राज्यों में गिरफ्तार किए गए आरोपियों के सरगना बैठे हुए हैं। जिन्हें लेकर फिलहाल सिटी पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों से पुलिस ने तीन लग्जरी गाड़ियां भी बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई केस दर्ज हैं। आरोपियों के अगले पिछले लिंक पुलिस द्वारा खंगाले जा रहे हैं। जिससे पता चल सके कि उक्त आरोपी विदेश और देश में किन तस्करों के लिंक में थे। बता दें कि बरामद की गई हेरोइन जालंधर की अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी है।