ब्रेकिंग न्यूज़ - लुधियाना में सरकारी टीचर की मौत, राउंड के दौरान हेड टीचर को पड़ा दिल का दौरा, डेढ़ महीने पहले हुआ था जानलेवा हमला
Sep2,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। लुधियाना के हैबोवाल खुर्द स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल के हेड टीचर की कक्षा में मौत हो गई। हेड टीचर हरजीत ग्रेवाल दोपहर के समय कक्षाओं का राउंड कर रहे थे। जब वे प्री-प्राइमरी कक्षा में पहुंचे और शिक्षक से कक्षा के बारे में पूछने लगे, तो अचानक उनकी छाती में दर्द होने लगा। जब शिक्षिका ने उन्हें पानी दिया, तो हरजीत सिंह ग्रेवाल ने अभी गिलास पकड़ा ही था कि वे जमीन पर गिर पड़े। शिक्षिका ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन जब वे उठ नहीं सके तो उन्होंने अन्य शिक्षकों को बुलाया। स्कूल के शिक्षक उन्हें मोहल्ला क्लीनिक लेकर गए। इसके बाद एंबुलेंस बुलाई गई और उन्हें डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना हैबोवाल की पुलिस मामले की जाँच कर रही है। शिक्षकों ने उनके परिवार को इसकी सूचना दी और परिवार के सदस्य भी डीएमसी अस्पताल पहुंच गए। हरजीत सिंह ग्रेवाल का अंतिम संस्कार आज उनके गांव ललतों में किया जाएगा। हरजीत सिंह ग्रेवाल करीब साढ़े तीन साल से हैबोवाल खुर्द के सरकारी स्कूल में मुख्य अध्यापक के रूप में ड्यूटी निभा रहे थे। उनकी उम्र 49 वर्ष थी।
ड्यूटी दौरान हुआ था हमला
शिक्षक हरजिंदर सिंह ने बताया कि हरजीत ग्रेवाल नशा गणना के दौरान ड्यूटी पर थे। करीब डेढ़ महीने पहले, जब वे गांव में नशा गणना कर रहे थे, तो कुछ नशेड़ियों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। उनकी छाती पर चाकू लगा था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी छाती पर गंभीर चोटे आई थी।
Breaking-News-Government-Teacher-Dies-In-Ludhiana-Head-Teacher-Suffers-Heart-Attack-During-Rounds-Had-Survived-A-Life-Threatening-Attack-A-Month-And-A-Half-Ago