लुधियाना। सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और वन्यजीवों को अवैध रूप से घर में रखने के शौकीन एक युवक पर कानून का शिकंजा कस गया है। वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) और पुलिस की संयुक्त टीम ने लुधियाना के जागराओं के गांव सेखदौल में छापेमारी कर एक घर से दो 'ब्लैक काइट' (चील) और एक सियार (Jackal) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सदर के एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि लुधियाना वाइल्डलाइफ रेंज के अफसर नरिंदर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि सेखदौल निवासी रणजीत सिंह राणा अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (ranaranjit718) पर प्रतिबंधित वन्यजीवों के साथ बनाए गए कई वीडियो लगातार अपलोड कर रहा था। इन वीडियोज के आधार पर ही वन्यजीवों को घर में अवैध रूप से कैद कर रखे जाने की पुष्टि हुई।
अमृतसर टीम और पुलिस ने की छापेमारी
WCCB (नॉर्दर्न रीजन, सब-रीजनल ऑफिस अमृतसर) के निर्देशों पर जब पुलिस टीम ने आरोपी रणजीत सिंह राणा के ठिकाने पर दबिश दी, तो वहां से दो ब्लैक काइट और एक सियार सुरक्षित बरामद हुए। अधिकारियों के अनुसार, 'ब्लैक काइट' वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधन 2022) की अनुसूची-II के तहत एक संरक्षित प्राणी है। विभाग ने सभी जीवों को अपने कब्जे में ले लिया है।
वन्यजीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी रणजीत सिंह राणा के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 2, 39, 48(A), 50 और 51 के तहत थाना सदर में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि किसी भी वन्यजीव को बिना विभागीय अनुमति के पकड़ना, कैद में रखना या उनके साथ वीडियो बनाकर पब्लिसिटी पाना कानूनन गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)