पंजाब। पंजाब के बटाला क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (AAP) के यूथ विंग के जिला प्रधान और गांव कादियां राजपूतां के मौजूदा सरपंच गुरविंदर सिंह पर मंगलवार देर शाम जानलेवा हमला किया गया। बाइक पर आए अज्ञात हमलावरों ने उन्हें दो गोलिया मारीं और मौके से फरार हो गए। परिजन ने बताया है कि हमलावर मिठाई का डिब्बा लेकर आए थे। अचानक उन्होंने फायरिंग कर दी। सरपंच के दोनों पैरों में गोलियां लगी हैं। घायल अवस्था में उन्हें लोगों की मदद से बटाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें हमले की जिम्मेदारी दो गैंगस्टरों आदेश जमाराये और निशान जोड़ियां ने ली है। पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि यह सरपंच अब भी नहीं समझा तो अगली बार छाती पीतल से भर देंगे। जब भी अपनी टांगें देखेगा, हमें याद करेगा। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वायरल पोस्ट की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डिब्बा लेकर आए थे बाइक सवार
सरपंच के चाचा मुखबैन सिंह ने बताया कि वह अपने भतीजे सरपंच और एक अन्य भतीजे के साथ बैठकर चाय-पानी पी रहे थे। जब हम तीनों बाहर निकले तो सामने से बाइक पर सवार दो युवक आए। उनसे पूछा गया कि वे किस काम से आए हैं, जिस पर उन्होंने कहा कि हम डिब्बा लेकर आए हैं। चाचा ने कहा- जब उनसे पूछा गया कि किस चीज का डिब्बा? तो दोनों युवकों ने बिना कुछ बताए अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गुरबिंदर सिंह को गोली लग गई और वह घायल हो गया। चाचा के अनुसार, उनकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी और घटना के पीछे की असली वजह का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने बताया कि गुरबिंदर सिंह आम आदमी पार्टी के सरपंच हैं।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)