दिल्ली। शेयर बाजार में आज, यानी सोमवार 7 अप्रैल को साल की दूसरी बड़ी गिरावट आई है। सेंसेक्स 3200 अंक (4.20%) गिरकर करीब 72,150 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में 1000 अंक (4.50%) की गिरावट है। ये 22,000 से नीचे कारोबार कर रहा है। इससे पहले 4 जून 2024 को बाजार 5.74% गिरा था। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर गिरकर कारोबार कर रहे हैं। टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और इंफोसिस करीब 10% टूटे हैं। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और L&T में भी 8% की गिरावट है। NSE के सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी मेटल सबसे ज्यादा 8% टूटा है। आईटी, ऑयल एंड गैस और हेल्थकेयर में करीब 7% की गिरावट है। ऑटो, रियल्टी और मीडिया इंडेक्स 5% नीचे हैं। 2 अप्रैल से अब तक कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) के दाम 12.11% घट चुके हैं। वहीं आज ब्रेंट क्रूड 4% टूटकर 64 डॉलर के नीचे फिसल चुका है। ये बीते 4 साल का निचला स्तर है।
सोना-चांदी के रेट भी गिरे
शेयर मार्केट में 7 अप्रैल को 3000 अंक से ज्यादा की गिरावट के बीच सोने और चांदी के दाम भी गिर गए। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 2,613 रुपए गिरकर 88,401 रुपए पर आ गया है। इससे पहले 10 ग्राम सोने की कीमत 91014 रुपए थी। एक किलो चांदी की कीमत 4,535 रुपए गिरकर 88,375 रुपए प्रति किलो हो गई है। इससे पहले चांदी का भाव 92,910 रुपए प्रति किलो था। वहीं 28 मार्च को चांदी ने 1,00,934 रुपए और 3 अप्रैल को सोने ने 91,205 रुपए का ऑल टाइम हाई बनाया था।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)