पंजाब। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग फिरोजपुर ने पाकिस्तान से चल रहे ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 28.12 किलो हेरोइन और 9.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 140 करोड़ आंकी गई है। यह कार्रवाई फिरोजपुर के गुरूहरसहाय इलाके में की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल विदेश में बैठे तस्करों और हैंडलरों के संपर्क में था। आरोपियों को सीमा पार से भेजी गई हेरोइन की खेप उठाने और उसे भारत के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने का जिम्मा सौंपा गया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए थे। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगाल रही हैं ताकि पूरे गिरोह को तोड़ा जा सके। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना जताई जा रही है। पंजाब पुलिस ने कहा कि सीमा पार से होने वाली तस्करी और नशा कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने दोहराया कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)