पंजाब। अमृतसर के मजीठा में आज सुबह-सुबह ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के एक ASI की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे, जिन्होंने ASI को दो गोलियां मारीं। इसके बाद वे मौके से भाग गए। गोलियां लगने से ASI गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्होंने थोड़ी ही देर में मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृत पुलिसकर्मी की पहचान जोगा सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
गुरदासपुर के रहने वाले थे ASI जोगा सिंह
पंजाब पुलिस के ट्रैफिक विभाग में तैनात ASI जोगा सिंह गुरदासपुर के बांगर में गांव घणिए के रहने वाले थे। सुबह करीब 6 बजे वह अपनी स्कूटी (PB06BJ-6614) पर ड्यूटी के लिए अमृतसर जा रहे थे। मजीठा से करीब 1 किलोमीटर पहले बाइक पर आए 2 अज्ञात हमलावरों ने उनकी स्कूटी को रास्ते में घेरा।
इसके बाद उन पर फायरिंग कर दी। इस दौरान ASI को 2 गोलियां लगीं। एक सीने के बाईं तरफ और दूसरी कमर पर। इससे ASI गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, सुबह का समय था, इसलिए उनकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंच सका, जिससे उन्होंने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
पुलिस ने जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही SSP सुहेल मीर कासिम, डीएसपी कमलमीत सिंह और एसएचओ करमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई, जिसने सबूत जुटाए हैं। गोलियों के खोल भी मौके से बरामद हुए हैं।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)