पंजाब। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बुधवार को आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के दूसरे चरण को लॉन्च किया। इसकी लॉन्चिंग आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और CM भगवंत मान ने की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि साफ नीयत से यह प्रोजेक्ट शुरू किया। पंजाब ही नहीं किसी भी राज्य में इस तरह नहीं हुआ। ऐसा नहीं पंजाब में ही नशा बिकता है। हरियाणा, दिल्ली और गुजरात में नशा बिकता है। लेकिन वहां की सरकारों ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि हमारे से पहले अकाली दल की सरकार रहीं। उसी समय नशा घर-घर पहुंचा। उनके नेता नशा पहुंचाने लगे। फिर कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुआई में कांग्रेस की सरकार आई। उन्होंने 60 दिन में नशा खत्म करने की शपथ ली, लेकिन कुछ नहीं कर पाए। अकाली नेता बिक्रम मजीठिया का नाम लिए बिना केजरीवाल ने कहा कि लोग जिससे डरते थे, हमने उसे जेल में डाला। सीएम मान ने कहा कि नशा सभी जगह है लेकिन पंजाब को बदनाम करते हैं। उन्होंने कहा कि मुक्तसर माघी मेले में अकाली दल की आखिरी कॉन्फ्रेंस होगी। उसके बाद अकाली खत्म हो जाएंगे।
केजरीवाल बोले- लोगों ने डराया लेकिन हम डरे नहीं
केजरीवाल ने कहा कि जब हमें ड्रग्स के खिलाफ जंग शुरू करनी थी, तो कई लोगों ने हमें डराया कि ये बहुत खतरनाक लोग हैं। वे आपके परिवारों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। लेकिन हम डरे नहीं क्योंकि हमने अपने लोगों से वादा किया था। उन्होंने कहा कि आपके गांव, हलके या इलाके में एक्शन हुआ। तस्करों ने घर, महल और इमारतें बना रखी थीं। इन पर बुलडोजर एक्शन हुआ है। जिसका नाम लेने से लोग डरते थे, उसे पकड़कर जेल में डाल दिया। उसका नाम लेने की लोगों में हिम्मत नहीं है। लोग, प्रशासन व पुलिस डरती थी। यह आम आदमी पार्टी की हिम्मत थी, जिसने उसे जेल में पहुंचा दिया।
मान बोले- जो आता है पंजाब को गाली देने लग पड़ता है
सीएम भगवंत मान ने कहा कि जो आता है पंजाब को गाली देने लग पड़ता है। मैं नॉर्थ जोन कल्चर की मीटिंग में गया था। गृह मंत्री अमित शाह के सामने हिमाचल, हरियाणा, राजस्थान हर स्टेट वाले कहते थे कि पंजाब हमारा बड़ा भाई है, हमे यह दिलवा दो। मैंने कहा कि बड़े को ही लूटते जाओ। मैंने कहा कि कोयला और तेल नहीं है। वर्ना उसमें भी हिस्सेदारी मांग लेते। मान ने आगे कहा- मैंने कहा कि हमारे पास देने को पानी समेत कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि चार साल में 61 हजार को नौकरियां मेरिट के आधार पर दी है। हमारी नीयत साफ है। नौकरियां डिग्री मुताबिक ही मिल रही है। अकाली दल वाले नौकरियां तो देते ही नहीं हैं। अकाली दल वाले तो डायनासोर की लीद उठाने की नौकरी देंगे।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)