लुधियाना के चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 32 में एक पालतू कुत्ते को शौच करवाने को लेकर अड़ोसियों पड़ोसियों में विवाद हो गया। आज सुबह इस विवाद में एक पक्ष ने गोलियां तक चला दी। अब पूरा यह मामला थाने में पहुंच गया है और गोलियां चलाने वालों की धरपकड़ करने में छापामारी की जा रही है। परिवार के सदस्य ने बताया कि उनके पिता सोमनाथ कपूर गुरुवार रात को घर के बाहर खड़े थे। इतने में 5 से 6 घर दूर रहते पड़ोसी विजय गंभीर अपना पालतु कुत्ता लेकर गली में घुमाने आ गए। विजय अक्सर अपने कुत्ते को सोमनाथ के घर के आस-पास शौच करवा देते थे। इसका सोमनाथ ने विरोध किया। विरोध करते हुए सोमनाथ ने उन्हें कहा कि आप यहां से अपना कुत्ता ले जाएं। कुत्ते को उनके घर के बाहर या आसपास शौच न करवाएं। सुबह होते ही विजय का बेटा अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर के बाहर आया। आरोपी हंगामा करने लगे। जैसे ही परिवार के सदस्य बाहर हंगामा होता देखने गए तो आरोपी ने उन पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस फायरिंग में दो गोलियां चलीं। आरोपी जब तीसरी गोली चलाने लगा तो पिस्टल जाम हो गया। इस वजह से परिवार के लोगों का बचाव हो गया। वहीं आरोपी ने एक गोली तो हवा में चलाई। दूसरी गोली परिवार के सदस्य के कान के पास से निकल गई। फायर करने वाले आरोपी की पहचान सिदार्थ गंभीर के रूप में हुई है। मोहल्ले में फायरिंग होने से जहां लोगों में भगदड़ मच गई, वहीं लोग घरों में घुस गए। घटना स्थल पर थाना डिविजन नंबर 7 की पुलिस पहुंची। पुलिस इलाके में लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि पता चल सके कि सही में वारदात हुई क्या। वहीं आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का भी पुलिस दावा कर रही है। पुलिस को मौके से दो गोलियों के खोल भी बरामद हुए हैं।
Firing In Chandigarh Road Ludhiana