देश में कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 20,183 हो गई है। अब भारत अमेरिका, स्पेन, इटली, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन समेत उन 17 देशों में शामिल हो गया, जहां संक्रमण के 20 हजार से ज्यादा केस हैं। मंगलवार को देश में 53 मौतें हुईं। यह एक दिन में हुई मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। महाराष्ट्र और गुजरात में 19-19 मौतें हुई हैं। मध्यप्रदेश में चार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में तीन-तीन लोगों की जान गई। आंध्रप्रदेश में दो, राजस्थान, तमिलनाडु और कर्नाटक में एक-एक मरीज ने आखिरी सांस ली। इस तरह अब तक 650 लोगों की जान जा चुकी है। बुधवार को महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे के आवास पर तैनात एक पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। राजस्थान में 64, पश्चिम बंगाल में 31 और ओडिशा में 3 नए मरीज मिले हैं। देश में मंगलवार रात तक 1537 नए मरीज सामने आए। यह संख्या लगातार चौथे दिन 1 हजार से अधिक है। कल रिकॉर्ड 702 मरीज ठीक हुए थे। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं।इस बीच, पंजाब से 243 एनआईआर को लेकर कतर एयरवेज का विमान रवाना हुआ। यह विमान पहले दोहा और फिर कनाडा जाएगा। दिल्ली में आजादपुर सख्जी मंडी खोली गई है। यहां मंगलवार रात 10 बजे से बुधवार सुबह तक वाहनों की आवाजी जारी रही, इससे मंडी के आसपास के इलाके में जाम लग गया। मंडी में सब्जी और फलों की बिक्री सुबह 6 से 10 बजे तक होगी।