चंडीगढ़। पंजाबी सिंगर शुभ के खिलाफ मुंबई में रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान BJP के युवा मोर्चा के नेताओं द्वारा शुभ के शो के पोस्टर भी फाड़े गए। सिंगर पर खालिस्तान को प्रमोट करने के आरोप लगाए। इसको लेकर मुंबई भारतीय जनता युवा मोर्चा ने एडिशनल पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। शुभ का मुंबई में 23 से 25 सिंतबर तक शो है। भाजयुमो मुंबई के शिष्टमंडल ने अध्यक्ष तेजिंदर सिंह टिवाना के नेतृत्व में मुंबई पुलिस से मांग की गई है कि शुभनीत सिंह के शो को रद्द करके उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाए।
भाजयुमो ने कहा कि पिछले दिनों शुभ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए भारत का गलत मानचित्र दिखाया था। अब मुंबई में उसका कॉन्सर्ट होने जा रहा है। इसी बाबत प्रशासन, परसेप्ट लिमिटेड व कॉर्डेलिया क्रूज को ज्ञापन दिया गया है। टिवाना ने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के शत्रु खालिस्तान समर्थकों के लिए भारत में कोई स्थान नहीं है। देश को तोड़ने की साजिश करने वाले कैनेडियन सिंगर शुभ को हम भारत में परफॉर्म नहीं करने देंगे।
टिवाना बोले- कार्रवाई नहीं हुई तो हम आंदोलन करेंगे
अभी हमने शांतिपूर्वक तरीके से आयोजकों और मुंबई पुलिस को कार्यक्रम निरस्त करने के लिए ज्ञापन दिया है। यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो हम आंदोलन करेंगे। हाल ही में शुभ ने 23 मार्च 2023 को अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर जम्मू व कश्मीर और पंजाब के बिना भारत के नक्शे को पोस्ट किया था। वहीं दूसरी पोस्ट में शुभ ने 'प्रे फॉर पंजाब' लिखते हुए भारत का गलत मानचित्र दिखाया था। गायक शुभ उर्फ शुभनीत सिंह एलिवेटेड, बैलर, वी-रोलिना और नो लव जैसे गीतों के लिए जाने जाते हैं।