चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव आम आदमी पार्टी की धमाकेदार एंट्री, भाजपा के मौजूदा मेयर सहित पूर्व मेयर भी हारे चुनाव

Dec 27, 2021 / /
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी धमाके दार एंट्री करती दिखाई दे रही है। भाजपा और कांग्रेस को पछाड़ते हुए आप अभी तक 35 में से 14 सीटों पर चुनाव जीत चुकी है। भाजपा के मेयर रविकांत खुद वार्ड नंबर 17 से चुनाव हार गए हैं। उन्हें आम आदमी पार्टी (आप) के दमनप्रीत सिंह ने 828 वोटों से हरा दिया । भाजपा के तीन पूर्व मेयर भी हारे हैं। देवेश मौदगिल और राजेश कालिया चुनाव हारे हैं जबकि पूर्व मेयर अरुण सूद अपने वार्ड में भाजपा प्रत्याशी को नहीं जिता पाए हैं।आम आदमी पार्टी ने 14 सीटों पर कब्जा कर लिया है। 12 सीटों पर भाजपा और 8 सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। अकाली दल की झोली में 1 सीट आई है। वार्ड नंबर 23 से आम आदमी पार्टी की प्रेमलता ने कांग्रेस की रविंदर कौर को 681 वोट से मात दी है। वार्ड नंबर 35 से भारतीय जनता पार्टी के रविंद्र कुमार शर्मा ने आम आदमी पार्टी के जगजीवन जीत सिंह को 474 वोट से हराया है। वार्ड 19 से आप की नेहा ने 804 वोट से जीत दर्ज की है। वार्ड नंबर 4 से आम आदमी पार्टी की सुमन देवी विजेता रही हैं। सुमन केवल 12 वोट से जीती हैं। उन्हें कुल 3165 वोट मिले हैं जबकि दूसरे नंबर पर निर्दलीय परमजीत कौर को 3153 वोट मिले। वार्ड नंबर 32 से भाजपा के जसमनप्रीत सिंह बब्बर जीते हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस के पूर्व ला स्टूडेंट और कांग्रेस के प्रत्याशी सचिन गालव ने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी चंद्रमुखी शर्मा को हरा कर जीत हासिल की है। सचिन ने 285 वोटों से जीत हासिल की है। पहली बार ही चुनाव में उतरी भाजपा नेत्री विमला दुबे ने वार्ड नंबर 9 से जीत हासिल कर ली है।। वार्ड 25 से आम आदमी पार्टी योगेश ढींगरा ने भाजपा के विजय कौशल राणा को 315 से हराया। वार्ड नंबर 29 से आम आदमी पार्टी के मुन्नवर राणा ने जीत हासिल की है।
Send Your Views
Comments


